मुंगेली 19 मई (आरएनएस) सेप्टिक टैंक के लिए घर में ईंट रखना एक परिवार को इतना भारी पड़ गया कि जमीन कब्जे के विवाद में गाली, धमकी और लोहे की रॉड से हमला तक हो गया, लेकिन मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। मामला थाना सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के स्वामी विवेकानंद वार्ड का है, जहां पीड़िता लता गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनका पुत्र राजू मजदूरों के साथ घर के अंदर सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए मंगाई गई ईंट रखवा रहा था। इसी दौरान गली से ईंट लाने को लेकर विवाद शुरू हुआ और संतोष गुप्ता तथा दिनेश गुप्ता ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोप है कि अन्य लोगों ने भी हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंची लता गुप्ता और उनकी बेटी नेहा के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जमीन पर जबरन कब्जा करने के उद्देश्य से यह हमला किया गया। शिकायत मिलते ही थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष गुप्ता पिता स्वर्गीय नारायण उम्र 30 वर्ष, दिनेश गुप्ता उम्र 50 वर्ष, रमेश गुप्ता पिता स्वर्गीय नारायण प्रसाद उम्र 47 वर्ष और अभिषेक गुप्ता उर्फ लक्की पिता संतोष उम्र 30 वर्ष, सभी निवासी स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 10 मुंगेली को 19 मई 2026 को प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों को धारा 126(बी) और 135(3) बीएनएसएस के तहत अधिकतम राशि के बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नगर निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक पारख साहू और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। बहरहाल, मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जमीन विवाद के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों पर अब कानून का शिकंजा तेजी से कसने वाला है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

