लखनऊ, 19 मई 2026। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मंगलवार को पिकप भवन, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित नोएडा प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने आरसी (रिकवरी प्रमाणपत्र) जारी होने के बावजूद कई मामलों में सही मिलान न होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस पूरे प्रकरण की पारदर्शी ढंग से जांच की जाए तथा जहां कहीं भी अनियमितता सामने आए, वहां तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के मामलों को गंभीरता से लिया जाए और संबंधित अधिकारियों एवं व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि दोषी व्यक्ति के सेवानिवृत्त होने से पहले आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर ली जाए।मंत्री ने औद्योगिक सेक्टरों के आसपास की खराब सड़कों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक जोन में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही बरतने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए, ताकि कार्य संस्कृति में सुधार हो और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने पार्कों के अनुरक्षण एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पार्कों को सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाए। साथ ही औद्योगिक भूखंडों के सामने हरियाली बढ़ाने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे औद्योगिक क्षेत्र स्वच्छ, आकर्षक और व्यवस्थित दिखाई दें।बैठक में प्राधिकरण क्षेत्र में सफाई, जलापूर्ति, सीवरेज, अपशिष्ट निस्तारण पार्क सहित नागरिक सुविधाओं तथा विगत चार वर्षों में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, आधारभूत संरचना और निवेश संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए।बैठक में संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्राधिकरण के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

