लखनऊ, । प्रदेश सरकार ने खरीफ-2026 सीजन के अंतर्गत किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए सामान्य, प्रदर्शन एवं मिनीकिट योजना के तहत कुल 1,99,910 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संबंध में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को अपने राजकीय आवास पर कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर समयबद्ध बीज उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में कृषि मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सही समय पर और पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रत्येक स्थिति में 31 मई तक सभी विक्रय केंद्रों पर बीज पहुंच जाना चाहिए। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से 75,429 कुंतल बीज उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के किसानों को 2,636 कुंतल प्रमाणित बीजों का वितरण भी किया जा चुका है।खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों के लिए धान के बीज का लक्ष्य 80,000 कुंतल निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 64,228 कुंतल बीज उपलब्ध हो चुका है। सर्वाधिक 2,634 कुंतल बीजों का वितरण भी धान फसल के अंतर्गत किया गया है। इसके अलावा तिलहन एवं दलहन फसलों पर विशेष बल देते हुए मूंगफली के लिए 57,446 कुंतल, उड़द के लिए 23,958 कुंतल, अरहर के लिए 21,225 कुंतल, मूंग के लिए 3,946 कुंतल, तिल के लिए 3,827 कुंतल तथा सोयाबीन के लिए 2,999 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ज्वार, बाजरा, सावा, कोदो, मड़ुआ (रागी), काकुन और कुटकी के बीजों के लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। इनमें बाजरा के लिए 1,972 कुंतल तथा रागी के लिए 1,500 कुंतल का प्रमुख लक्ष्य शामिल है।प्रदेश में बीज वितरण का कार्य कृषि विभाग के साथ सहकारिता, आईएफएफडीसी, एचआईएल और बीबीएसएसएल के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। इसमें अकेले कृषि विभाग का लक्ष्य 1,89,990 कुंतल बीज वितरण का है, जिसके सापेक्ष विभाग द्वारा अब तक 74,204 कुंतल बीज उपलब्ध कराते हुए 2,636 कुंतल बीजों का वितरण किया जा चुका है। किसानों को यह सभी प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए शीघ्र कृषि विभाग के पोर्टल पर आवेदन करें, ताकि बुवाई का कार्य समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।बैठक में उत्तर प्रदेश बीज निगम के प्रबंध निदेशक टीएम त्रिपाठी तथा अपर निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र अनिल पाठक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

