लखनऊ, 19 मई 2026। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को विधानसभा स्थित कार्यालय में विभागीय योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़े वर्गों के कल्याण तथा दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।समीक्षा बैठक में मंत्री ने योजनाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा नई योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संचालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की अधिकांश योजनाएं ‘फ्लैगशिप योजनाÓ के अंतर्गत संचालित हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की समीक्षा के दौरान पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट एवं कार्ययोजना की स्थिति, विभागीय निर्माण कार्यों की प्रगति तथा विभागीय विद्यालयों में भर्ती एवं संविदा नियुक्तियों की समीक्षा की गई। साथ ही विभाग में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण एवं लंबित मामलों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।इसी प्रकार पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा में ट्रिपल सी एवं ओ-लेवल संगणक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति, प्रशिक्षार्थियों के बैंक खातों में शुल्क प्रतिपूर्ति, शादी अनुदान योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं भुगतान की जनपदवार स्थिति तथा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की प्रगति की जानकारी मंत्री को दी गई।बैठक में डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ तथा जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने दोनों विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को निर्देश दिए कि दिव्यांग छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा पुनर्वास संबंधी सेवाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए।बैठक में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंत्री को विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया तथा प्राप्त निर्देशों के अक्षरश: पालन का आश्वासन दिया।समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह, निदेशक उमेश प्रताप सिंह, संयुक्त निदेशक विकास शर्मा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय के संयुक्त निदेशक अमित सिंह सहित डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ एवं जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट के कुलसचिव उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

