लखनऊ, । देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोडऩे के उद्देश्य से 21 एवं 22 मई को लखनऊ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज परिसर में विशाल परिसर चयन (कैंपस प्लेसमेंट) का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती अभियान के माध्यम से हरियाणा स्थित कंपनी के संयंत्रों में फिक्स्ड टर्म कर्मचारी पदों पर चयन किया जाएगा।राजकीय आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खान ने बताया कि 21 मई को सुबह 10 बजे से अभ्यर्थियों का प्रारंभिक मूल्यांकन, जिसमें लिखित एवं तकनीकी परीक्षा शामिल होगी, आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 22 मई को चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार संपन्न कराए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को खरखौदा (सोनीपत) संयंत्र तथा महिला अभ्यर्थियों को मानेसर (गुरुग्राम) संयंत्र में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।पुरुष अभ्यर्थियों के लिए लगभग 32 हजार रुपये प्रतिमाह तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 41,713 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन प्रस्तावित किया गया है। कंपनी की ओर से अन्य नियमानुसार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों को रियायती भोजन और वर्दी जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का हाईस्कूल न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही फिटर, वेल्डर, मशीनिस्ट, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, पेंटर, टर्नर, टूल एंड डाई मेकर, शीट मेटल वर्कर तथा ऑटो बॉडी रिपेयर जैसे यांत्रिक व्यवसायों में एनसीवीटी अथवा एससीवीटी मान्यता प्राप्त आईटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा।अभ्यर्थियों को अपने साथ हाईस्कूल एवं आईटीआई की अंकतालिकाएं, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पैन कार्ड की मूल प्रति एवं छायाप्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी।भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है। अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार के बिचौलियों अथवा अनधिकृत व्यक्तियों से सावधान रहने की अपील की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कार्यकर्ता पंजीकरण लिंक के माध्यम से पूर्व पंजीकरण कर लें, ताकि चयन प्रक्रिया में भागीदारी सुगम हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

