लखनऊ, 19 मई 2026। उत्तर प्रदेश के युवा आज आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहे हैं। प्रदेश सरकार की योजनाएं युवाओं को न केवल बड़े सपने देखने का अवसर दे रही हैं, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए मजबूत आधार भी उपलब्ध करा रही हैं। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना इसी दिशा में युवाओं के लिए उम्मीद, आत्मविश्वास और स्वावलंबन का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में उद्यमशीलता की भावना विकसित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम भी बन रही है।इस योजना का प्रभाव तब और स्पष्ट दिखाई देता है जब दूरदराज क्षेत्रों के युवा इसका लाभ उठाकर अपनी जिंदगी की दिशा बदल रहे हैं। सोनभद्र जनपद के घोरावल निवासी उत्कर्ष कुमार की सफलता इसी परिवर्तन की प्रेरक कहानी है। सीमित संसाधनों वाले सामान्य परिवार में जन्मे उत्कर्ष कुमार ने बचपन से आर्थिक संघर्षों को करीब से देखा, लेकिन परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय स्वयं का रोजगार स्थापित करने का संकल्प लिया।उत्कर्ष कुमार की इच्छा शुरू से ही अपना उद्योग स्थापित करने की थी। उनका मानना था कि नौकरी की तलाश में भटकने के बजाय स्वरोजगार अपनाकर न केवल अपना भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है, बल्कि दूसरों को भी रोजगार का अवसर दिया जा सकता है। हालांकि, पर्याप्त पूंजी की कमी उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई थी। शुरुआती प्रयासों में कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया।इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं को पूरा करने में प्रारंभिक कठिनाइयां जरूर आईं, लेकिन जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन से उन्होंने आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। उनके प्रोजेक्ट की उपयोगिता और प्रतिबद्धता को देखते हुए यूको बैंक, घोरावल शाखा से 25 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। यह आर्थिक सहायता उनके जीवन में निर्णायक मोड़ साबित हुई।ऋण राशि का सुनियोजित उपयोग करते हुए उत्कर्ष कुमार ने घोरावल क्षेत्र में आधुनिक मसाला उद्योग की स्थापना की। उन्होंने उत्पाद की गुणवत्ता, स्वच्छता और आधुनिक प्रसंस्करण प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया। बेहतर कच्चे माल का चयन और उत्पादन के हर चरण में सावधानी बरतने का परिणाम यह हुआ कि उनके मसालों ने स्थानीय बाजार में तेजी से पहचान बनानी शुरू कर दी।व्यवसाय की शुरुआत आसान नहीं थी। स्थापित बड़े ब्रांडों के बीच एक नए स्थानीय उत्पाद को पहचान दिलाना चुनौतीपूर्ण था। बावजूद इसके उत्कर्ष कुमार ने गुणवत्ता से समझौता नहीं किया। धीरे-धीरे उनके मसालों की शुद्धता और स्वाद ने उपभोक्ताओं का भरोसा जीत लिया। आज उनका मसाला उद्योग घोरावल और आसपास के क्षेत्रों में सफल उद्यम के रूप में पहचाना जा रहा है तथा उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।उत्कर्ष कुमार की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रही। उनके उद्योग के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आठ लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। इससे कई परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिला है।उत्कर्ष कुमार अपनी सफलता का श्रेय प्रदेश सरकार की योजनाओं और जिला प्रशासन के सहयोग को देते हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ने उन्हें केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सम्मान और समाज में नई पहचान भी दी है।प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्कर्ष कुमार जैसे अनेक युवा इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह सफलता इस बात का संकेत है कि सरकारी योजनाएं पारदर्शिता के साथ जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।उत्कर्ष कुमार की कहानी आज उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी के कारण अपना व्यवसाय शुरू करने से पीछे हट जाते हैं। यह उदाहरण बताता है कि दृढ़ संकल्प, परिश्रम और समय पर मिली सरकारी सहायता के माध्यम से कोई भी युवा आत्मनिर्भर बन सकता है और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

