गूगल पे के जरिए ट्रांसफर की गई रकम
प्रयागराज 19 मई (आरएनएस)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक छोले-भटूरे बेचने वाले दुकानदार से दुकान पर छोले भटूरे खाए। फिर 95 हजार रुपये गूगल पे के जरिए निकाल लिए। दुकानदार ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेवादा अशोक नगर निवासी चन्द्र मोहन कुमार की आईसीआईसीआई बैंक के सामने छोले-भटूरे की दुकान है। 8 मई की दोपहर करीब 2 बजे एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा। खाना खाने के बाद उसने घबराहट भरे अंदाज में कहा कि उसका एक परिचित अस्पताल में भर्ती है और उसे तुरंत 4 हजार रुपये भेजने हैं। युवक ने दुकानदार से कहा कि वह नकद पैसे दे देगा, बस गूगल पे से उसके बताए स्कैनर पर रकम भेज दी जाए। पहले तो दुकानदार ने मना किया, लेकिन युवक बार-बार अस्पताल और इमरजेंसी का हवाला देता रहा। आखिरकार इंसानियत दिखाते हुए दुकानदार ने दोपहर 2:12 बजे 4 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद ठग ने कहा कि उसका पर्स कार में छूट गया है और किसी स्टाफ को साथ भेज दीजिए। दुकानदार ने भरोसा कर अपने कर्मचारी को उसके साथ भेज दिया। लेकिन कुछ ही सेकंड बाद युवक गाड़ी स्टार्ट कर फरार हो गया।
दुकानदार ग्राहकों में उलझा रहा और उसे लगा कि शायद युवक वापस आ जाएगा। लेकिन शाम करीब 6 बजे जब उसने मोबाइल देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके बैंक खाते से गूगल पे के जरिए 95 हजार रुपये और गायब हो चुके थे। तहरीर के मुताबिक, रकम राजीव पांडेय नाम के खाते में ट्रांसफर हुई। यानी 4 हजार की मदद करने वाला दुकानदार कुल 99 हजार रुपये की ठगी का शिकार हो गया।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी गई है। पता लगाया जा रहा है कि रकम जिस खाते में ट्रांसफर हुई, वह किसके नाम पर था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

