रामानुजगंज/चुमरा, 20 मई (आरएनएस)। ग्राम पंचायत चुमरा में संचालित मुर्गी दाना बनाने वाले प्लांट मोहम्मदी फीड में मंगलवार शाम शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मशीन रूम इसकी चपेट में आ गया। घटना में दाना बनाने के लिए रखा गया कच्चा माल, जरूरी कागजात तथा मशीनें जलकर पूरी तरह राख हो गईं।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदी फीड का संचालन प्रोपराइटर शमा परवीन द्वारा किया जा रहा है। घटना के संबंध में संचालिका के पति मो. शहनवाज खान ने बताया कि दाना बनाने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और मशीन रूम में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे से अधिक समय लग गया, लेकिन तब तक प्लांट में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। आगजनी में दाना निर्माण का पूरा रॉ मटेरियल, मशीनरी और महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए।

मो. शहनवाज खान के अनुसार, इस हादसे में लगभग 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री का संचालन ग्रामीण बैंक से लगभग 35 लाख रुपये का ऋण लेकर किया जा रहा था। यह फैक्ट्री करीब तीन वर्ष पहले शुरू की गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
0

