दुर्ग 20 मई (आरएनएस) भिलाई के खुर्शीपार में नशे का धंधा चुपचाप फल-फूल रहा था, लेकिन दुर्ग पुलिस की घेराबंदी ऐसी हुई कि आईटीआई मैदान के पास गांजा बेचने निकला आरोपी सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गया और उसके बैग से निकला 10 किलो 710 ग्राम गांजा इलाके में चल रहे नशे के कारोबार की बड़ी तस्वीर खोल गया। दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुर्शीपार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति आईटीआई मैदान के पास अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक थैले में रखा भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 10 किलो 710 ग्राम निकला। पुलिस ने मौके से 1,480 रुपये नगद और धंधे में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सन्नी यादव उर्फ देवार, उम्र 32 वर्ष, निवासी देवार पारा मछली मार्केट खुर्शीपार भिलाई जिला दुर्ग बताया। पुलिस की सख्ती के सामने आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं पाया और उसने स्वीकार कर लिया कि वह अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बिक्री के लिए लेकर आया था। थाना खुर्शीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हलचल मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शहर में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध मादक पदार्थों का नेटवर्क पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे और मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की मुहिम और मजबूत हो सके। फिलहाल, खुर्शीपार में हुई इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि अब नशे के सौदागरों के लिए गलियों में छिपकर कारोबार करना आसान नहीं रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

