रुड़की,20 मई (आरएनएस)। भीषण गर्मी के बीच बुधवार को बिजलीघर नंबर-छह से जुड़े 11 केवी डिवीजन फीडर पर मरम्मत और लाइन सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे फीडर से जुड़े लगभग 15 हजार लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुए शटडाउन के कारण वर्कशॉप क्षेत्र, नगर निगम, विशाल मेगा मार्ट, हरिद्वार रोड, प्रेम मंदिर रोड, मैथोडिस्ट स्कूल क्षेत्र, सिविल लाइंस, रुड़की टाकिज, बस अड्डा और एसडीएम चौक समेत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। बिजली कटौती के चलते घरों में पंखे, कूलर और पानी की मोटरें बंद रहीं। जिन घरों में इनवर्टर लगे थे, उन्होंने भी पांच से छह घंटे बाद जवाब दे दिया। इसके बाद लोगों को उमस और गर्मी के बीच बिना किसी राहत के समय बिताना पड़ा। बुधवार को अवकाश होने के कारण स्कूली बच्चे भी घरों में थे। लोग बिजली सप्लाई बहाल होने की जानकारी के लिए संबंधित अधिकारियों और बिजलीघर पर फोन करते रहे। ऊर्जा निगम के अनुसार 11 केवी डिवीजन फीडर पर लाइनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया, ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति बेहतर हो सके। हालांकि भीषण गर्मी में लंबे शटडाउन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। करीब शाम चार बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

