दुर्ग 21 मई (आरएनएस) नशे के कारोबार पर पुलगांव पुलिस ने फिर बड़ा वार किया है। चंदखुरी के नदी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे युवक को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 127 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 6 हजार 350 रुपये आंकी गई है। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक युवक इलाके में गांजा लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलगांव पुलिस टीम तुरंत एक्टिव हुई और नदी रोड हनुमान मंदिर के पास चंदखुरी में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोपी खुंटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम चंदखुरी थाना पुलगांव जिला दुर्ग बताया। पुलिस ने जब उसकी विधिवत तलाशी ली तो उसके पास से 2 किलो 127 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। साथ ही नगदी और अन्य सामग्री भी जप्त की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा संग्रहण कर उसकी बिक्री करने की तैयारी में था। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है और प्रकरण की विवेचना जारी है। पूरी कार्रवाई में थाना पुलगांव पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसने त्वरित सूचना संकलन और सटीक घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि इलाके में नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल, पुलिस का साफ संदेश है कि शहर में नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

