दुर्ग 21 मई (आरएनएस) अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और इसी कड़ी में जामगांव आर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब की खेप लेकर जा रहे एक आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा अंग्रेजी शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जप्त की है। पूरा मामला थाना जामगांव आर क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरवाय का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AQ 3475 में अवैध शराब भरकर बेल्हारी से बोरवाय की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हुई और ग्राम औरी नहर नाली पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोक लिया। तलाशी के दौरान बाइक की सामने टंकी में रखी लाल रंग की प्लास्टिक बोरी से 30 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने जब शराब परिवहन के संबंध में दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोष जांगड़े, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम बोरवाय थाना जामगांव आर जिला दुर्ग बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब और मोटरसाइकिल समेत करीब 36 हजार रुपये की सामग्री जप्त कर ली। मामले में थाना जामगांव आर में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के लिए शराब का परिवहन कर रहा था। कार्रवाई में थाना जामगांव आर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसने त्वरित सूचना पर सटीक घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री और परिवहन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल, पुलिस का साफ संदेश है कि जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए अब हर रास्ता बंद किया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

