दुर्ग 21 मई (आरएनएस)अवैध सट्टा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और इस बार पदमनाभपुर पुलिस ने शमशान घाट के पास चल रहे सट्टे के अड्डे पर रेड मारकर तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस की दबिश पड़ते ही सट्टा लिखवाने पहुंचे कई लोग मौके से भाग निकले, लेकिन सट्टा-पट्टी लिख रहे तीनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मामला थाना पदमनाभपुर क्षेत्र के ग्राम धनोरा का है, जहां 21 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शमशान घाट के पास कुछ लोग अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिख रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर पुलिस ने सलमान रजा उम्र 27 वर्ष निवासी रूआबांधा आजाद चौक थाना भिलाई नगर, असलम खान उम्र 25 वर्ष निवासी रूआबांधा मस्जिद के पास थाना भिलाई नगर और आयुष शाह उम्र 20 वर्ष निवासी रूआबांधा यादव चौक के पास थाना भिलाई नगर को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10 नग सट्टा पट्टी, 3 मोबाइल फोन, 3 डॉट पेन और 2020 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से सभी सामग्री जप्त कर ली। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध तरीके से सट्टा संचालन कर आर्थिक लाभ कमाने में लगे थे। मामले में थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 291/2026 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई में थाना पदमनाभपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल, पुलिस का साफ संदेश है कि शहर में सट्टे का खेल खेलने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

