दुर्ग 21 मई (आरएनएस) हर महीने मोटे मुनाफे और सुरक्षित निवेश का सपना दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले फर्जी निवेश गिरोह का पर्दाफाश दुर्ग पुलिस ने कर दिया है। ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग और हाई रिटर्न स्कीम के नाम पर 13 लाख 60 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, क्योंकि आरोपी लंबे समय से भरोसे का जाल बिछाकर लोगों को निवेश के नाम पर फंसा रहा था। गंजपारा निवासी दीपक जैन, उम्र 27 वर्ष ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में आरोपीगण ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और निवेश कंपनी में रकम लगाने पर हर महीने भारी लाभांश मिलने का झांसा दिया था। आरोपियों ने दावा किया था कि निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और कम समय में मोटा मुनाफा मिलेगा। इसी लालच में प्रार्थी से अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस और ऑनलाइन माध्यम से कुल 13 लाख 60 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए। कुछ समय बाद कंपनी अचानक बंद हो गई और न तो लाभांश मिला, न ही मूल रकम वापस हुई। शिकायत के बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 224/2026 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों की जांच की, जिसमें आरोपी राजेन्द्र कुमार ताम्रकार, उम्र 50 वर्ष, निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक 30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 दुर्ग की भूमिका सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजना चलाने और लोगों से रकम जमा कराने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और लेन-देन संबंधी दस्तावेज जप्त किए हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और अन्य फरार आरोपियों व बैंक खातों की जांच जारी है। बहरहाल, दुर्ग पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि ज्यादा मुनाफे का लालच दिखाने वाली ऑनलाइन निवेश योजनाएं आपकी जिंदगी भर की कमाई डुबो सकती हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

