नई टिहरी 21 मई (आरएनएस)। श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग आधारित स्क्रीन मूल्यांकन कार्य की शुरुआत कर दी है। विवि से संबद्ध 236 राजकीय महाविद्यालयों और निजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब नई डिजिटल व्यवस्था के तहत किया जाएगा। विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन कर डिजिटल पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद विषय विशेषज्ञ और शिक्षक अपनी आईडी के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं का स्क्रीन पर मूल्यांकन करेंगे। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ परीक्षा परिणाम घोषित करने में तेजी आएगी। मूल्यांकन की पूरी कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के लागू होने से उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संरक्षण और प्रबंधन में भी सुधार होगा। प्रत्येक उत्तर पुस्तिका का डिजिटल अभिलेख सुरक्षित रहेगा। कुलपति ने कहा कि नई व्यवस्था से शिक्षकों को भी सुविधा मिलेगी। मूल्यांकन कार्य से जुड़े सभी शिक्षकों और कार्मिकों को आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

