देहरादून(आरएनएस)। पर्यटन नगरी मसूरी में लगने वाले जाम से निजात के लिए अब शटल सेवा शुरू होगी। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण व मीटिंग के बाद किंक्रेग से शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। पर्यटन नगरी मसूरी में सीजन शुरू होने के बाद लगातार जाम लगने के कारण पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को परेशानियां झेलनी पड़ रही थी। इस समस्या को लेकर एसडीएम राहुल आनंद, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देवेंद्र सिंह चौहान ने किंक्रेग जाकर मौके का निरीक्षण किया।टीम ने पार्किंग संचालक, टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों से शटल सेवा शुरू करने के बार में विस्तार से चर्चा की। वार्ता के बाद प्रशासन ने सीजन को देखते हुए किंक्रेग से शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया। इसके तहत टेंपो टेवलर्स को किंक्रेग पार्किंग में पार्क करवाया जाएगा।यहां से लाइब्रेरी व कुलड़ी क्षेत्र के लिए शटल सेवा शुरू की जाएगी। किंक्रेग पर किंक्रेग टैक्सी एसोसिएशन शटल सेवा चलाएगी, जो बड़े मोड़ से पिक्चर पैलेस तक मसूरी टैक्सी यूनियन शटल सेवा का संचालन करेगी। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि पिछली बैठक में शटल सेवा को शुरू करने का निर्णय लिया गया था जिसे शुक्रवार से शुरू करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े पर्यटक वाहन जाम का मुख्य कारण बनते हैं, जिस पर उन्हें किंक्रेग पर रोका जाएगा। वहां से क्रिंक्रेग टैक्सी एसोसिएशन के वाहन पर्यटकों को गंतव्य तक पहुंचाएंगे। बड़े मोड पर मसूरी टैक्सी एसोसिएशन के वाहन पर्यटकों को गंतव्य तक पहुंचाएंगे। टैक्सी वालों को निर्देश दिए हैं कि पर्यटकों को छोडऩे के बाद वह तत्काल वापस आएगा। लाइब्रेरी व मैसानिक लॉज पर टैक्सी यूनियनों के सदस्य इसमें सहयोग करेंगे। कोशिश रहेगी कि बड़े वाहन आगे न जाएं। इसके लिए वालंटियर को हायर किया जाएगा जो इस व्यवस्था को चलाने में सहयोग करेंगे। इसके लिए स्टैण्डों पर ड्रोपिंग स्थल बनाया जाएगा। किंक्रेग से अनावश्यक खड़े वाहनों को हटाया जायेगा। ताकि यातायात बाधित न हों। इस मौके पर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, कोतवाल देवेंद्र चौहान, पाकिंग संचालक संदीप गोयल आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

