दुर्ग 22 मई (आरएनएस) दिन में सूने खेतों की रेकी और रात होते ही सोलर पैनल, लोहा एंगल और बिजली झटका मशीन पर हाथ साफ करने वाले शातिर चोरों के गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। उतई और मचांदुर इलाके में किसानों की मेहनत पर डाका डाल रहे आरोपियों को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और संदिग्ध बाइक के सुराग से पकड़कर चोरी की पूरी कहानी खोल दी। मामला तब सामने आया जब ग्राम पुरई निवासी डोमार सिंह साहू और धौंराभाठा निवासी अश्वनी साहू ने खेतों की घेराबंदी में लगे लोहे के एंगल चोरी होने की शिकायत थाना उतई में दर्ज कराई। लगातार बढ़ती घटनाओं ने पुलिस को अलर्ट कर दिया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास संदिग्ध मोटर सायकल क्रमांक CG 07 CW 3027 की जानकारी मिली। पुलिस ने सुराग जोड़ते हुए राजू महिलांगे उम्र 36 वर्ष निवासी नेवईभाठा ट्रांसफार्मर के पास थाना नेवई और भूपत निर्मलकर उम्र 43 वर्ष निवासी नेवई बस्ती वार्ड 64 को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों टूट गए और खेतों में रेकी कर चोरी करना कबूल लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए लोहे के एंगल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई। इसी दौरान चौकी मचांदुर क्षेत्र के ग्राम कातरो में वालेश साहू के खेत से सोलर पैनल और बिजली झटका मशीन चोरी होने के मामले में रामकुमार साहू उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम चिरपोटी थाना अण्डा और उसकी पत्नी को पकड़ा गया। दोनों ने भी आर्थिक तंगी और चोरी का सामान बेचकर खर्च चलाने के लिए वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने सोलर पैनल, बिजली झटका मशीन समेत चोरी का सामान जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। बहरहाल, दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि किसानों की मेहनत पर हाथ डालने वालों तक कानून अब खेतों की मेड़ पार कर भी पहुंच रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

