दुर्ग 22 मई (आरएनएस) भिलाई के वैशाली नगर स्थित पंजाब बार के बाहर पुरानी रंजिश ने देर रात ऐसा खूनी रूप लिया कि बियर की कांच बोतलें हथियार बन गईं और युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच हमला करने वाले आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन वैशाली नगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के दम पर कुछ ही दिनों में पूरे मामले का खुलासा कर 01 आरोपी और 03 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया। मामला 18 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे का है, जब न्यू दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया जुनवानी निवासी ज्ञानेश साहू उर्फ आकाश उम्र 28 वर्ष अपने बड़े भाई आशीष साहू और परिचित के साथ पंजाब बार गया हुआ था। इसी दौरान आशीष साहू बार के बाहर निकला, जहां पहले से घात लगाए 04 युवकों ने पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज जान से मारने की धमकी में बदली और फिर आरोपियों ने बियर की कांच बोतल और धारदार वस्तु से हमला कर दिया। घटना के बाद थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 109, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के सुराग, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर प्रेम नेताम उम्र 19 वर्ष निवासी डेरा बस्ती फरीद नगर वार्ड 07 थाना सुपेला सहित 03 विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने हमला करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटर सायकल और टूटी बियर बोतल के टुकड़े जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। बहरहाल, दुर्ग पुलिस की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बार के बाहर की गुंडागर्दी अब सीधे सलाखों तक पहुंच रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

