दुर्ग 22 मई (आरएनएस) अंडा से अछोटी जाने वाले रास्ते पर खुलेआम धारदार हथियार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले आदतन बदमाश को दुर्ग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबोच लिया। इलाके में खौफ का माहौल ऐसा था कि लोग रास्ता बदलकर निकलने लगे थे, लेकिन सूचना मिलते ही थाना अंडा पुलिस हरकत में आई और कुछ ही देर में आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। मामला 22 मई 2026 का है, जब पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक सार्वजनिक मार्ग पर धारदार हथियार लहराते हुए आने-जाने वालों को डरा धमका रहा है और क्षेत्र में आतंक फैला रहा है। सूचना मिलते ही थाना अंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर साहू उर्फ जग्गू उम्र 29 वर्ष निवासी अंडा थाना अंडा जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी थाना अंडा का आदतन गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी लोगों में भय और दबदबा बनाने के इरादे से सार्वजनिक जगह पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर कानून तोड़कर खौफ फैलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है। गौरतलब है कि पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, क्योंकि समय पर मिली सूचना ही कई बड़े अपराधों को रोक सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

