देहरादून,22 मई (आरएनएस)। डांडा धर्मपुर स्थित उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार और सदस्यों ने भ्रमण कर आयोग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान दोनों राज्यों के आयोगों ने अनुसूचित जाति समाज के हितों, जागरूकता और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर विचार साझा किए। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा और शालिनी जामवाल का उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कुलदीप कुमार ने कहा कि हिमाचल और उत्तराखंड दोनों पर्वतीय राज्य हैं तथा अनुसूचित जाति समाज की समस्याएं भी लगभग समान हैं। उन्होंने हिमाचल सरकार की योजनाओं और आयोग की गतिविधियों की जानकारी देते हुए उत्तराखंड आयोग के कार्यों की सराहना की। उत्तराखंड आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आयोग में अनुसूचित जाति उत्पीडऩ और भूमि विवादों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाता है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा एससी वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। इस अवसर पर बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, सफाई आयोग के उपाध्यक्ष भगवत मकवाना, आयोग की सचिव कविता टम्टा, सदस्य विशाल मुखिया, भागीरथी कुंजवाल, सुनीता देवी और विधिक सलाहकार राजू महर मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

