दुर्ग 23 मई (आरएनएस) हर महीने मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर एक महिला से साढ़े सात लाख रुपये ठगने वाला आरोपी आखिरकार दुर्ग पुलिस के शिकंजे में आ गया। बीटकॉईन निवेश के नाम पर हाई रिटर्न का लालच देकर रकम ऐंठने वाला आरोपी लंबे समय तक महिला को भरोसे में रखता रहा, शुरुआत में कुछ पैसे लौटाकर विश्वास जीता और फिर पूरा खेल खेलकर फरार हो गया। मामला दुर्ग के शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम क्षेत्र का है, जहां रहने वाली प्रार्थिया देवकी सोनकर ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी कि रायपुर निवासी पीलादास मानिकपुरी ने बीटकॉईन में निवेश कराने और हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग समय में कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नगद और यूपीआई के जरिए ले लिए। शुरुआत में आरोपी ने थोड़ी रकम वापस की ताकि भरोसा बना रहे, लेकिन बाद में शेष रकम लौटाने के बजाय संपर्क तोड़ दिया। शिकायत के बाद थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और जानकारी के आधार पर आरोपी पीलादास मानिकपुरी उम्र 48 वर्ष निवासी चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास थाना डी.डी. नगर जिला रायपुर को रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश या हाई रिटर्न स्कीम में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच जरूर करें। फिलहाल, बीटकॉईन के नाम पर चमकते मुनाफे का सपना दिखाने वाले इस खेल ने फिर साबित कर दिया कि लालच की डिजिटल दुनिया में एक क्लिक जिंदगी भर की कमाई डुबो सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

