दुर्ग 23 मई (आरएनएस) हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे बाइक सवार बदमाशों का खेल यातायात पुलिस की सतर्कता ने कुछ ही मिनटों में बिगाड़ दिया। पावर हाउस से सुपेला मार्ग पर पेट्रोलिंग कर रही हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने सूचना मिलते ही फिल्मी अंदाज में पीछा किया और एक विधि से संघर्षरत बालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना 22 मई 2026 की रात की है, जब ऑन होंडा शोरूम सुपेला के पास दो बाइक सवार युवकों द्वारा एक व्यक्ति से लूट कर तेज रफ्तार में भागने की सूचना यातायात पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही यातायात शाखा दुर्ग में पदस्थ आरक्षक कुलेश्वर साहू और सैनिक राकेश कुमार तुरंत हरकत में आए और संदिग्ध युवकों का पीछा शुरू कर दिया। लगातार पीछा करते हुए सेक्टर-02 अय्यप्पा मंदिर के पास घेराबंदी की गई, जहां एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया। पकड़े गए बालक को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सुपेला के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि फरार युवक की तलाश तेज कर दी गई है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि हाईवे और प्रमुख मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग कर अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में यातायात पुलिस की तेजी और सूझबूझ ने बड़ी भूमिका निभाई। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके। फिलहाल, दुर्ग की सड़कों पर पुलिस की यह मुस्तैदी अपराधियों के लिए साफ चेतावनी बन चुकी है कि अब वारदात के बाद बच निकलना आसान नहीं रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

