दुर्ग 23 मई (आरएनएस) पुरानी भिलाई इलाके में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने का खेल आखिरकार पुलिस की नजरों से बच नहीं सका। टाउन पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ऐसी दबिश दी कि दुकान में छिपाकर रखी गई देशी मसाला शराब की पूरी खेप बरामद हो गई और आरोपी मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामला पदुमनगर क्षेत्र स्थित उम्दा पीएम आवास के पास का है, जहां शुक्रवार 23 मई 2026 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस की टीम जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक किराना दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दुकान में दबिश दी। मौके पर आरोपी रज्जाक मोहम्मद उम्र 49 वर्ष निवासी आदर्श नगर भाठापारा चरौदा थाना पुरानी भिलाई जिला दुर्ग मौजूद मिला। पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब बिक्री की बात स्वीकार कर ली। तलाशी लेने पर एक सफेद-नीले चेकदार प्लास्टिक बोरी में रखे 36 पौवा शोले मसाला देशी शराब बरामद किए गए। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। कुल 6.48 बल्क लीटर शराब की कीमत करीब 3600 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 266/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। दुर्ग पुलिस ने साफ कहा है कि अवैध शराब कारोबार करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूचना पर तत्काल रेड की जाएगी। बहरहाल, किराना दुकान की आड़ में चल रहा यह शराब का धंधा एक बार फिर साबित कर गया कि नशे का कारोबार अब मोहल्लों तक फैल चुका है, लेकिन पुलिस की नजरें भी उतनी ही तेज हो चुकी हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

