दुर्ग 23 मई (आरएनएस) जिले में अब सिर्फ अपराधियों पर नहीं, लापरवाही, साइबर ठगी और नशे पर भी पुलिस ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। जनमित्र अभियान के तहत ग्राम दारगांव और सिटी कोतवाली क्षेत्र में ऐसा जागरूकता अभियान चलाया गया जिसने गांव से लेकर शहर तक लोगों को सुरक्षा, सतर्कता और जिम्मेदारी का सीधा संदेश दिया। ग्राम दारगांव में पद्मश्री शमशाद बेगम और महिला कमांडो दल ने हेलमेट अनिवार्यता, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर लोगों के बीच जोरदार जनजागरण अभियान चलाया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचीं लगभग 300 महिला कमांडो ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को सड़क सुरक्षा से लेकर डिजिटल फ्रॉड तक हर खतरे के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि हर परिवार में सबसे पहले भाई, पति और बेटों को हेलमेट पहनाने की जिम्मेदारी महिलाओं को उठानी होगी। उन्होंने बताया कि बालोद जिले के बोरी पंचायत गुंडरदेही और सिड्डी पंचायत में लोग पूरी तरह हेलमेटधारी बन चुके हैं और अब दुर्ग जिले में भी इसी मॉडल को लागू किया जाएगा। एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा ने मोबाइल पर अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी और एपीके फाइल के जरिए होने वाले साइबर फ्रॉड की जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ध्रुव ने नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 और यातायात हेल्पलाइन 1033 की जानकारी देते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसी दौरान सुशासन बिहार कार्यक्रम में सिटी कोतवाली क्षेत्र में लगाए गए जागरूकता पंडाल में भी यातायात नियम, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। थाना धमधा पुलिस, सिटी कोतवाली पुलिस और महिला कमांडो दल की इस पहल ने साफ कर दिया है कि अब दुर्ग पुलिस सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने की लड़ाई भी पूरी ताकत से लड़ रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

