दुर्ग 23 मई (आरएनएस) भिलाई इस्पात संयंत्र के मेनगेट पार्किंग से बाइक चोरी कर सस्ते दामों में बेचने वाला शातिर गैंग आखिरकार दुर्ग पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भिलाई भट्ठी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक अपचारी बालक की संलिप्तता का खुलासा किया है। चोरी की दो मोटर सायकिल भी बरामद कर ली गई हैं। मामला तब सामने आया जब ग्राम ओटेबंद जिला बालोद निवासी राहुल कुमार साहू ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई कि 13-14 अप्रैल 2026 की रात भिलाई इस्पात संयंत्र मेनगेट स्थित मोटर सायकिल स्टैंड से उनकी बजाज पल्सर एनएस 125 क्रमांक CG 24 U 0379 चोरी हो गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि कैलाश नगर निवासी प्रकाश ठाकुर और उसका एक अपचारी साथी अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी कर उन्हें घर में छिपाते थे और ग्राहक मिलने पर कम कीमत में बेच देते थे। पुलिस ने आगे जांच बढ़ाई तो चोरी की बाइक खरीदकर इस्तेमाल करने वाले गौरव कुमार और शिवा यादव का नाम भी सामने आया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर 19 वर्षीय प्रकाश ठाकुर पिता अज्ञात निवासी कैलाश नगर लोहिया रोड थाना जामुल जिला दुर्ग ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर दो मोटर सायकिल चोरी करना कबूल कर लिया। वहीं आरोपी गौरव कुमार उम्र 19 वर्ष निवासी कैलाश नगर थाना जामुल जिला दुर्ग और शिवा यादव उम्र 30 वर्ष निवासी जवाहर नगर थाना जामुल जिला दुर्ग चोरी की बाइक खरीदकर उसका उपयोग कर रहे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई दोनों बाइक बरामद कर ली। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया कि चोरी की गाड़ियों का खेल अब ज्यादा दिन छिप नहीं सकता। फिलहाल, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर लॉक कर पार्क करें, क्योंकि अपराधियों की नजर हमेशा एक लापरवाही की तलाश में रहती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

