दुर्ग 24 मई (आरएनएस) नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए अंतर्राज्यीय तस्कर को रंगे हाथ पकड़ लिया। बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास ग्राहक तलाश रहे आरोपी के बैग से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 84 हजार 959 रुपये आंकी गई है। थाना पदमनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल शर्ट पहने एक युवक संदिग्ध बैग लेकर इलाके में घूम रहा है और मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र बिश्नोई उम्र 24 वर्ष निवासी नोकड़ा गोदारा थाना भोजासार जिला फलोदी राजस्थान हाल पता स्कूल चौक बोरसी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 किलो 330 ग्राम डोडा चूरा और 1500 रुपये नगद बिक्री रकम बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध मादक पदार्थ की बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाने की तैयारी में था। थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 299/2026 के तहत धारा 8(ग), 15(बी), 27(क) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ और नगदी को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि ऐसे तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। फिलहाल, दुर्ग पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

