दुर्ग 24 मई (आरएनएस) पुलिस लाइन का दधीची सभागार उस वक्त तालियों से गूंज उठा जब CG बोर्ड और CBSE बोर्ड के टॉप टेन मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया। पुलिस की वर्दी के बीच शिक्षा, सपनों और सफलता का ऐसा माहौल बना जिसने हर छात्र और अभिभावक को भावुक कर दिया। 24 मई 2026 को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी मंच पर बुलाकर सम्मान दिया गया, जिससे बच्चों का उत्साह कई गुना बढ़ गया। कार्यक्रम में लाइफ एंड पैरेंटिंग कोच चिरंजीव जैन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, तनावमुक्त पढ़ाई और सकारात्मक सोच के मंत्र दिए। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों पर दबाव नहीं, भरोसा बढ़ाइए और मोबाइल-टीवी से दूरी बनाकर परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताइए। वहीं शिक्षक आरिफ खान ने छात्रों को करियर और भविष्य की पढ़ाई को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए Vijay Agrawal ने कहा कि अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की समस्याओं को समझने और उनका बेहतर मार्गदर्शन करने की अपील की। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एमएस चंद्रा, उप पुलिस अधीक्षक सीपी तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा समेत कई अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। बहरहाल, दुर्ग पुलिस का यह सम्मान समारोह सिर्फ पुरस्कार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरणादायी मंच बन गया।


