धमतरी 25 मई (आरएनएस) ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर से होकर राजस्थान पहुंचने वाली गांजा सप्लाई लाइन पर धमतरी पुलिस ने फिर ऐसा वार किया कि अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया। सांकरा फॉरेस्ट नाके पर घेराबंदी कर पुलिस ने दिल्ली निवासी तस्कर को 7 किलो 724 ग्राम गांजा, बाइक, मोबाइल और नगदी समेत करीब 4.35 लाख रुपये की संपत्ति के साथ दबोच लिया। थाना सिहावा पुलिस को 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हीरो स्प्लेण्डर बाइक क्रमांक RJ-20-BD-3334 में गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाके पर जाल बिछाया और संदिग्ध बाइक को रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली बताया। तलाशी के दौरान स्काई ब्लू पिट्ठू बैग में रखे दो पैकेट और एक प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 7.724 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी परिवहन और बिक्री से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नगद जब्त कर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। गौरतलब है कि इसी सांकरा चेक पोस्ट पर पिछले कुछ दिनों में 127 किलो, 54.970 किलो और 37.800 किलो गांजा की बड़ी खेपें भी पकड़ी जा चुकी हैं। अब लगातार हो रही कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि धमतरी पुलिस सीमावर्ती इलाकों को गांजा तस्करों के लिए कब्रगाह बनाने में जुटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

