नईदिल्ली,26 मई(आरएनएस)। ओडिशा की सत्ता से बाहर हुई बीजू जनता दल (बीजेडी) राजनीतिक संकट से गुजर रही है। मंगलवार को पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय बीजेडी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। उनको दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। सामंतराय ने सोमवार को पटनायक को पत्र भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था।
भाजपा में शामिल होने से पहले सामंतराय ने सोमवार को राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से मिलकर उनको अपना इस्तीफा सौंपा था। सामंतराय ने सोमवार को पटनायक को लिखे त्यागपत्र में कहा था कि उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ विश्वास के साथ खुद को पार्टी के हितों के लिए समर्पित रखा, लेकिन कुछ समय से एहसास हुआ कि उन्हें साजिश के तहत छोटा दिखाया जा रहा है। उन्होंने लिखा था कि अब पार्टी को उनकी कोई जरूरत नहीं है।
राज्यसभा में बीजेडी का आंकड़ा घटता जा रहा है। सामंतराय के इस्तीफे के बाद संसद के सर्वोच्च सदन में अब बीजेडी के पास केवल 5 सांसद रहेंगे। इससे पहले राज्यसभा सांसद ममता महंत और सुजीत कुमार ने बीजेडी से इस्तीफा दिया था। तीनों बागी नेता अब भाजपा में शामिल हैं। सामंतराय बाराबती-कटक निर्वाचन क्षेत्र से और तिर्तोल निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे हैं। उनके पिता दिवंगत नित्यानंद सामंतराय कांग्रेसी थे। सामंतराय 2024 में राज्यसभा आए थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

