दुर्ग 26 मई (आरएनएस) इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार लहराकर रौब झाड़ना दो युवकों को इतना महंगा पड़ा कि लाइक्स और फॉलोअर्स का खेल सीधे जेल की सलाखों तक पहुंच गया। दुर्ग जिले के थाना रानी तराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम औसर के कुछ युवकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दबंगई दिखाते हुए हथियार के साथ आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की थी। पोस्ट सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए रानी तराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तुलाराम गायकवाड़ उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम औसर थाना रानी तराई जिला दुर्ग और गुलशन भारती उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम औसर थाना रानी तराई जिला दुर्ग ने इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ पोस्ट साझा करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 26 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर दबंग छवि बनाकर लोगों में डर और रौब पैदा करना चाहते थे। दुर्ग पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने, भय पैदा करने या हथियारों के साथ पोस्ट डालने वालों पर अब सीधे सख्त कार्रवाई होगी। बहरहाल, इंस्टाग्राम की दिखावटी दबंगई ने इन युवकों को इंटरनेट स्टार नहीं बल्कि जेल का रास्ता दिखा दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

