मंत्रिमंडल में कुछ चौंकाने वाले नामों के भी शामिल होने के कयास
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास अब भी 42 विभाग हैं। भाजपा अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने जून के पहले सप्ताह तक मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत दिए। राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार मंत्रिमंडल में कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल हो सकते हैं। बंगाल में 208 सीटों के साथ भाजपा की प्रचंड जीत के बाद 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए पहले चरण के शपथ ग्रहण समारोह में उनके साथ केवल पांच नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक शामिल थे। इसके बाद करीब दो सप्ताह तक मंत्रिमंडल के कई पद खाली रखे गए, जिससे राजनीतिक हलकों में लगातार सवाल उठ रहे थे। अब केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी मिलने के बाद राज्य का पहला पूर्ण भाजपा मंत्रिमंडल आकार लेने जा रहा है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, नए मंत्रिमंडल में कई चर्चित और प्रभावशाली नेताओं को जगह मिल सकती है। जिन नामों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, उनमें तापस राय, स्वपन दासगुप्ता, शंकर घोष और शारद्वत मुखोपाध्याय प्रमुख हैं। हालांकि अंतिम सूची को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वैसे सूत्रों की मानें तो इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में केवल लोकप्रियता नहीं, बल्कि कई अहम समीकरणों को प्राथमिकता दी जा रही है।
क्षेत्रीय संतुलन केतहत उत्तर बंगाल से दक्षिण बंगाल, जंगलमहल से राढ़ बंगाल तक सभी क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश होगी।
योग्यता और प्रशासनिक क्षमता के तहत ऐसे चेहरों को प्राथमिकता मिल सकती है जो प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालने में सक्षम हों।
सामाजिक और जातीय संतुलन को संतुलित करने के लिए बंगाल की सामाजिक संरचना और विभिन्न समुदायों को प्रतिनिधित्व देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

