भोपाल 26 मई (आरएनएस)।”नशामुक्त भारत अभियान” अंतर्गत म.प्र. जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी), भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान द्वारा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों एवं युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारियों पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया गया।
अपने संबोधन में चौहान ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इनके माध्यम से गांव-गांव एवं शहरों तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
चौहान ने प्रतिभागियों को साइबर अपराधों एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे के साथ-साथ ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग एवं डिजिटल अपराधों से बचाने हेतु जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि वह कमेटी बनाकर ड्रग्स की मोनिटरिंग करें एवं उसके खिलाफ कार्रवाई करें साथ ही प्रशिक्षणार्थियों से अपील की, कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने व्याख्यान को अत्यंत प्रेरणादायी एवं उपयोगी बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में नशामुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाना तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

