रुद्रपुर,26 मई(आरएनएस)। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर स्थित होम्योपैथिक विंग में कार्मिकों के लिए योग ब्रेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को नियमित योग के प्रति प्रेरित करने के साथ डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान आयुष विंग के डॉ. बिरेन्द्र सिंह रौतेला ने कार्यालय में बैठकर किए जाने वाले सूक्ष्म योगाभ्यास कराए। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर अल्प समय के योग अभ्यास से तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और कार्यक्षमता बेहतर करने में मदद मिलती है। इस दौरान उपस्थित कार्मिकों को ‘नमस्ते ऐपÓ के उपयोग, इसकी विशेषताओं और स्वास्थ्य संबंधी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रभारी होम्योपैथिक विंग डॉ. भावना टम्टा ने कहा कि नियमित योग ब्रेक कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ कर्मचारियों की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक होते हैं। कार्यक्रम में भुवन भट्ट ने नमस्ते ऐप डाउनलोड कर अन्य विभागीय कार्मिकों को भी इसकी जानकारी दी और इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर होम्योपैथिक विंग के चिकित्सक, फार्मासिस्ट व अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

