रुद्रपुर,26 मई(आरएनएस)। अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र की ओर से सोमवार को क्षेत्र के अस्पतालों में सघन अग्निसुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया गया। अभियान के तहत सौरभ अस्पताल और प्रयास अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी ऊधमसिंहनगर तथा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी खटीमा ने संयुक्त रूप से किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम, फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर सिस्टम और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की गई। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन निकास द्वारों और गलियारों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को सभी निकास मार्ग बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत पैनल और वायरिंग व्यवस्था की जांच कर शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया। एयर कंडीशनर के आउटलेट कमरे के बाहर रखने तथा ऑक्सीजन भंडारण कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अस्पताल कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण देने और नियमित मॉक ड्रिल कराने को कहा गया। अग्निशमन विभाग ने बताया कि जनहित में ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

