रुड़की,26 मई(आरएनएस)। नगर पंचायत ढंडेरा में मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक भारी हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप की भेंट चढ़ गई। बैठक शुरू होते ही सभासदों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में जबरदस्त हंगामे में बदल गई। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि चेयरमैन सतीश नेगी को बीच बैठक से उठकर बाहर जाना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले विवाद के बाद भी किसी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी और बैठक को स्थगित करना पड़ा। बैठक की शुरुआत होते ही सभासदों ने नगर पंचायत क्षेत्र में ठप पड़े विकास कार्यों और बजट की कमी का मुद्दा जोरशोर से उठाया। सभासदों का आरोप था कि लंबे समय से वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हैं और जनता को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की कार्यशैली और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर भी सभासदों ने जमकर नाराजगी जताई। हंगामे के बीच चेयरमैन सतीश नेगी ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नगर पंचायत में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता और नम्रता से सुना जाए। उन्होंने कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाने की बात कही, लेकिन सभासदों का विरोध शांत नहीं हुआ।
इसी दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार के बैठक में पहुंचने से माहौल और अधिक राजनीतिक हो गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

