हरिद्वार,26 मई(आरएनएस)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एनएचएआई, मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में एनएचएआई के सदस्य विशाल चौहान, मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कुंभ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सड़क, फ्लाईओवर, जंक्शन सुधार और यातायात प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में हरिद्वार बाईपास और प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना को लेकर भी चर्चा हुई। मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ज्वालापुर, बहादराबाद और मंगलौर क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवरों के कार्य तेजी से पूरे कराने पर जोर दिया। साथ ही सर्विस लेन, ड्रेनेज और सड़क प्रकाश व्यवस्था को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, सड़क सुरक्षा, पार्किंग स्थलों तक पहुंच मार्ग और मेला क्षेत्र से जुड़े संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। बैठक में निर्माण कार्यों में आ रही चुनौतियों जैसे भूमि उपलब्धता, यातायात डायवर्जन, बिजली और पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग तथा मानसून के प्रभाव पर भी चर्चा की गई। एनएचएआई के सदस्य विशाल चौहान ने परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराने का भरोसा देते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

