हरिद्वार,26 मई(आरएनएस)। अखिल विश्व गायत्री परिवार से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता सत्यनारायण नंदलाल नुवाल को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति ने उन्हें ऊर्जा क्षेत्र में योगदान के लिए ये सम्मान दिया। सत्यनारायण नुवाल युग निर्माण विद्यालय के पहले बैच के विद्यार्थी हैं और गायत्री परिवार के लिए यह गौरव का क्षण है।
अखिल विश्व गायत्री परिवार से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता सत्यनारायण नंदलाल नुवाल को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें व्यापार और उद्योग, विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि पर शांतिकुंज और गायत्री परिवार में हर्ष का माहौल है।
सत्यनारायण नुवाल युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की ओर से स्थापित युग निर्माण विद्यालय, मथुरा के प्रथम बैच के विद्यार्थी रहे हैं। वे साठ के दशक से गायत्री परिवार से जुड़े हुए हैं और आचार्यश्री के विचारों को समाज तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनदृष्टि के प्रसार में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
बताया गया कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उनके योगदान को देशभर में सराहा गया है। जनवरी में आयोजित जन्मशताब्दी समारोह में भी शांतिकुंज की ओर से उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया था। शांतिकुंज प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या, शैलदीदी और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे गायत्री परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। वहीं, सत्यनारायण नुवाल ने इस सम्मान का युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की प्रेरणा और कृपा को दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

