हरिद्वार,26 मई(आरएनएस)। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बुवाला में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला करने और तमंचे से फायर करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम अम्बुवाला निवासी भाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि 21 मई की शाम करीब 7:30 बजे उसका पुत्र राहुल परचून की दुकान पर सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि रविदास मंदिर के पास पहले से मौजूद अर्जुन और सचिन निवासी ग्राम अम्बुवाला ने राहुल को रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अर्जुन ने कथित रूप से देसी तमंचे से राहुल पर फायर किया, हालांकि गोली नहीं चली। आरोप है कि इसके बाद सचिन ने राहुल को पकड़ लिया और अर्जुन ने तमंचे की बट से उसके चेहरे और सिर पर वार कर दिया, जिससे राहुल का एक दांत टूट गया और उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों पर डंडों, लात-घूंसों से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर राहुल को बचाया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

