हरिद्वार,26 मई(आरएनएस)। निर्जला एकादशी पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार श्रद्धा और आस्था में डूबी नजर आई। तड़के से ही हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा का पूजन किया और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। हरकी पैड़ी क्षेत्र पूरे दिन ‘हर-हर गंगेÓ और ‘जय मां गंगेÓ के जयघोष से गूंजता रहा। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने निर्जला व्रत रखकर दान-पुण्य भी किया। धार्मिक मान्यता है कि निर्जला एकादशी का व्रत करने से वर्षभर की सभी एकादशियों के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है, जिसके चलते इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जल पुलिस और आपदा राहत दल की टीमें भी लगातार गश्त करती रहीं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। नगर निगम की ओर से घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया तथा पेयजल की व्यवस्था की गई। वहीं कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, फल और प्रसाद वितरण के शिविर लगाए। पूरे दिन गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

