हरिद्वार,26 मई(आरएनएस)। भीषण गर्मी और तेज धूप का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल में डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार पहले जहां प्रतिदिन करीब 30 मरीज डिहाइड्रेशन की समस्या लेकर पहुंच रहे थे, अब यह संख्या बढ़कर करीब 51 तक पहुंच गई है। मरीजों में कमजोरी, चक्कर आना, उल्टी, दस्त और शरीर में पानी की कमी जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। सीएमओ डॉक्टर आरके सिंह का कहना है कि दोपहर में तेज धूप में बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीने के कारण लोग डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोगों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मौसम में बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन के मामलों में इजाफा हुआ है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने पर स्थिति गंभीर हो सकती है?
डिहाइड्रेशन से बचने के उपाय:
-धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढकें
-ओआरएस, नींबू पानी और छाछ का सेवन करें
-ज्यादा देर खाली पेट न रहें
-तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें
-बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

