बेंगलुरू 27 May, (Rns) : कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मंगलवार देर रात दिल्ली से बेंगलुरु लौट आए, जबकि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब वे आज की बजाय गुरुवार सुबह दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी बीच उन्होंने सभी मंत्रियों को अपने आवास पर ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए आमंत्रित किया है। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार भी दिल्ली से सीधे इस बैठक में शामिल होंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बैठक के बाद सिद्धारमैया इस्तीफा दे सकते हैं।
गुरुवार सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय और विधानसभा परिसर का दौरा करेंगे। यहां वे देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। फिलहाल, पूरे दिन के लिए उनका यही एकमात्र आधिकारिक कार्यक्रम तय किया गया है।
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान ने कथित ‘ढाई-ढाई साल’ के सत्ता हस्तांतरण फार्मूले पर आगे बढ़ने का संकेत दिया है। माना जा रहा है कि सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार को कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, सिद्धारमैया को दिल्ली की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी या राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
हालांकि, कांग्रेस की ओर से अब तक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि 26 मई को दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व की लंबी बैठक हुई थी, जिसमें कर्नाटक के नेतृत्व विवाद पर विस्तार से चर्चा की गई।

