कोलकाता 27 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के चर्चित फिल्म निर्देशक अनिक दत्ता का आज निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। आज दोपहर अचानक उनके घायल होने की खबर सामने आई थी। बताया गया कि हिंदुस्तान पार्क स्थित अपनी पूर्व पत्नी के घर की छत से गिरने के बाद उन्हें गंभीर हालत में ढाकुरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएसकेएम अस्पताल ले जाया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उनकी आवासीय इमारत पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर घटना को दुर्घटना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रुप से कुछ नहीं कहा है। बताया जा रहा है कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे। कुछ दिन पहले ही 22 मई को अनीक दत्ता ने अपना जन्मदिन मनाया था और सोशल मीडिया पर पुरानी यादें साझा की थीं। फिल्म निर्देशन में आने से पहले वह लगभग दो दशकों तक विज्ञापन जगत से जुड़े रहे और कई चर्चित विज्ञापन फिल्मों का निर्माण किया। साल 2012 में उनकी फिल्म भूतेर भविष्यत ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई थी। यह फिल्म अपनी विषयवस्तु और प्रस्तुति को लेकर काफी चर्चित रही। इसके बाद उन्होंने आश्चर्य प्रदीप, मेघनाद बध रहस्य, भविष्यतेर भूत, बरुण बाबुर बंधु और अपराजित जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी फिल्म ‘अपराजितÓ भी विवादों के केंद्र में रही थी। उनकी अंतिम चर्चित फिल्म यतो कांड कोलकातातेई थी। अनीक दत्ता को वामपंथी विचारधारा के करीबी सांस्कृतिक व्यक्तित्व के रूप में भी जाना जाता था। उनके निधन की खबर के बाद टॉलीवुड और राजनीतिक जगत के कई लोग अस्पताल पहुंचे। निर्माता फिरदौसुल हसन ने कहा कि परिवार के आने के बाद सरकारी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं दीप्सिता धर ने इस घटना को बेहद अप्रत्याशित और दुखद बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

