– राजकीय शिक्षक संघ ने डीएम से की शिकायत
फतेहपुर(आरएनएस )। नगर के देवीगंज और हरिहरगंज क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण कार्यों, खुलेआम हो रहे अतिक्रमण और गंदगी को लेकर राजकीय शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के पूर्व प्रान्तीय अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर इन गंभीर समस्याओं की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायती पत्र में मुख्य रूप से पांच गंभीर बिंदुओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।
शिकायत के अनुसार देवीगंज में नाले के ऊपर बने फुटपाथ पर पक्का निर्माण कराकर पैदल चलने का रास्ता पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इसके अलावा, ओवरब्रिज के नीचे सैकड़ों की तादाद में चार पहिया वाहन अवैध रूप से पार्क किए जा रहे हैं और गुमटियां रख ली गई हैं। इस अतिक्रमण के कारण स्कूली बसों और राहगीरों के आवागमन में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पत्र में कहा गया है कि देवीगंज व हरिहरगंज ओवरब्रिज के नीचे पुल की रेलिंग में बिना ब्रिज कॉरपोरेशन या जिला प्रशासन की अनुमति के हैमर से छेद कर दिया गया है। निजी कंपनियों द्वारा इसमें करीब 4 इंची पाइप की लाइन डाल दी गई है, जिससे पुल के कमजोर होने और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई गई है। देवीगंज में नगर पालिका द्वारा बिना अतिक्रमण हटाए ही पुल के नीचे और पटरियों पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा द्वेष भावना के चलते जगत नारायण दुबे, जगदम्बा तिवारी, अखिलेश ज्वेलर्स और विनय होटल के सामने का हिस्सा छोड़ दिया गया, जबकि अन्य दुकानों जैसे जगदीश नारायण, राधिका साड़ी सेंटर, पंकज रेडीमेड और महिमा साड़ी सेंटर के सामने का कार्य पूर्ण करा दिया गया। इस अधूरे कार्य से स्कूली वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। सड़क के किनारे बने नाले में राजू बर्तन भण्डार एवं लवकुश गुप्ता द्वारा कथित रूप से मानव-मल और मूत्र बहाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इससे भयंकर गंदगी फैल रही है और क्षेत्र में गंभीर बीमारियों के संक्रमण की संभावना बढ़ गई है। वरिष्ठ भाजपा नेता राजा सिंह कछवाह भी मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायती पत्र नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं अधिशाषी अधिकारी को भी सौंपा गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

