—- कुशीनगर में युवती की दहला देने वाली आप बीती, दुष्कर्म से मतांतरण तक का आरोप, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
कुशीनगर, 27 मई (आरएनएस)। जनपद के तमकुही राज थाना क्षेत्र से सामने आई एक युवती की दर्दनाक कहानी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भरोसा, प्यार और निकाह के नाम पर शुरू हुआ रिश्ता आखिरकार ब्लैकमेल, दुष्कर्म, धर्मांतरण और कथित सौदेबाजी की खौफनाक साजिश में बदल गया। पीडि़ता ने जो आरोप लगाए हैं, उसने पुलिस महकमे तक को हिला दिया है।
पीडि़ता के मुताबिक करीब दो वर्ष पहले बाजार जाते समय उसकी मुलाकात सेवरही निवासी व्यवसायी पवन कुमार से हुई थी। आरोप है कि इसी मुलाकात के बाद उसे एक सुनियोजित जाल में फंसाया गया। व्यवसायी पवन कुमार ने युवती का परिचय तमकुही राज क्षेत्र के मुन्नीपट्टी निवासी शादीशुदा जियाउद्दीन से कराया। शुरुआत दोस्ती से हुई, फिर मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और धीरे-धीरे युवती को भरोसे के ऐसे जाल में फंसा लिया गया, जहां से निकलना उसके लिए मुश्किल हो गया। युवती का आरोप है कि एक दिन जियाउद्दीन ने उसे बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया गया। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। बदनामी और डर के साये में युवती हर दिन मानसिक यातना झेलती रही।
इनसेट– निकाह के बाद धर्मांतरण फिर बेचने की तैयारी– मामला यहीं नहीं रुका। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि उसे फाजिलनगर ले जाकर निकाह के नाम पर कथित रूप से मतांतरण कराया गया और किराए के कमरे में रखा गया। इस दौरान आरोपी सऊदी अरब चला गया, लेकिन युवती उसकी गिरफ्त से पूरी तरह बाहर नहीं निकल सकी। करीब एक साल बाद जब आरोपी वापस लौटा तो उसने युवती को पासपोर्ट बनवाने के बहाने लखनऊ ले गया। यहीं कहानी ने सबसे खौफनाक मोड़ लिया। युवती का आरोप है कि उसने कुछ लोगों को उसकी डील और बेचने को लेकर बातचीत करते सुन लिया। यह सुनते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकली।पीडि़ता के मुताबिक रेलवे स्टेशन तक उसका पीछा किया गया। वहां उसके साथ मारपीट भी की गई, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर अपने घर पहुंच सकी। बताया जाता है कि घटना सामने आने के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी जियाउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई आलमगीर और पवन कुमार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।कहना ना होगा कि इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर भरोसे और रिश्तों की आड़ में चल रहे ऐसे खतरनाक खेलों पर लगाम कब लगेगी?।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

