-सरकारी कार्य में बाधा व धमकी देने पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मिल्कीपुर-अयोध्या 27 मई (आरएनएस)। आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत पर कुमारगंज पुलिस ने दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन एवं परिवीक्षण डॉ सुशान्त श्रीवास्तव द्वारा थाना कुमारगंज पुलिस को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम जोरियम, तहसील मिल्कीपुर निवासी रविनाथ सिंह एवं हरिनाथ सिंह ने विश्वविद्यालय कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों पर दबाव बनाया और अभद्र व्यवहार किया। प्रार्थना पत्र के अनुसार रविनाथ सिंह, जो फसल अनुसंधान केंद्र घाघरा घाट बहराइच में पूर्व चपरासी रहे हैं, तथा हरिनाथ सिंह, जो कृषि विज्ञान केंद्र गोंडा में पूर्व प्रक्षेत्र परिचर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे निदेशक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने संबंधित पटल सहायक पर एक अनापेक्षित कार्य कराने के लिए दबाव बनाया। पटल सहायक ने मामले की सूचना निदेशक प्रशासन को दी। इसके बाद दोनों व्यक्तियों को निदेशक कक्ष में बुलाकर समझाया गया कि उनका कार्य पहले ही निस्तारित किया जा चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद दोनों आक्रोशित हो गए और उच्च स्वर में दुव्र्यवहार करने लगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, गाली-गलौज की और विश्वविद्यालय परिसर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। निदेशक प्रशासन ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि इस प्रकार का व्यवहार दोनों व्यक्तियों द्वारा पूर्व में भी किया जा चुका है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस से सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। शिकायती पत्र मिलने के बाद कुमारगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी चौकी प्रभारी कृषि विश्वविद्यालय उप निरीक्षक अभिषेक सिंह को सौंपी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

