गोरखपुर 27 मई (आरएनएस)। गोरखपुर के महायोगी गुरु गोरखनाथ घाट पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। राप्ती नदी में स्नान करने गए तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
लखनऊ प्राप्त जानकारी के मुताबिक राप्ती नदी में डूबे तीनो शवों की पहचान हासूपुर बर्डघाट रामलीला मैदान निवासी निक्कू (पुत्र सुधीर), तुर्कमानपुर निवासी इरफान (पुत्र फकरुद्दीन) और शक्ति कुमार (पुत्र मोहन प्रसाद) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब तीन बजे तीनों बच्चे गोरखनाथ घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे तैरते-तैरते गहरे पानी में चले गए और डूब गए।घटना की सूचना मिलते ही घाट पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जिला प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। उसी घाट पर प्रशिक्षण ले रही एनडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।मौके पर सदर एसडीएम दीपक गुप्ता समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछले कई दिनों से नदियों में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, गोरखनाथ घाट पर भी बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन इसके बावजूद लोग और बच्चे नदी में स्नान कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन लोगों को जागरूक करने और नदी में स्नान से रोकने के लिए लगातार अभियान चलाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।राप्ती नदी में तीन बच्चों के डूबने की घटना पर सीएम योगी ने जताया दुख*
शासन से अनुमन्य सहायता यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*
राप्ती नदी में मंगलवार शाम को नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से हुई मौत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृत बच्चों के परिजनों के प्रति गहरा संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पीडि़त परिवारों से संवाद स्थापित कर, शासन से अनुमन्य सहायता यथाशीघ्र उपलब्ध कराई जाए। सीएम योगी ने बच्चों की डूबकर हुई मौत की घटना को अत्यंत दुखद व हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को अथाह दुख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रभु श्रीराम तथा गुरु गोरक्षनाथ से प्रार्थना की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

