– विकास कार्यों की उपलब्धियों के साथ मनाया कार्यकाल पूर्ण होने का जश्न
सीतापुर 27 मई (आरएनएस)। खैराबाद नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष बेबी अभिषेक गुप्ता के सफल तीन वर्ष पूर्ण होने पर नगर पालिका परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभासदों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों एवं नगरवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान नगर में हुए विकास कार्यों और बदलती तस्वीर को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता ने बीते तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगरोदय योजना के तहत ललियापुर पार्क निर्माण, आठ परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प और डिजिटल लाइब्रेरी की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। वंदन योजना के अंतर्गत मां गौरी देवी मंदिर, शीतला माता मंदिर और वाल्मीकि मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं को भी प्रमुख उपलब्धि बताया गया। वहीं गौरी देवी सरोवर, रविदास पार्क और तालाबों के सौंदर्यीकरण से नगर की सुंदरता बढऩे के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलने की बात कही गई। पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना के तहत विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला और नालियों का निर्माण कराया गया है। साथ ही पेयजल पाइपलाइन विस्तार एवं पनवाडिय़ा स्थित अटल पार्क को भी नगर विकास की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया गया। अध्यक्ष बेबी अभिषेक गुप्ता ने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से विकास कार्यों को गति मिली है तथा भविष्य में भी नगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए जनहित के कार्य प्राथमिकता पर जारी रहेंगे। वहीं बबलू भैया ने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर वार्ड के समान विकास के संकल्प के साथ कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

