रुड़की 28 मई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से बनाई गई देवबंद-रुड़की नई रेलवे लाइन पर अब तक नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। करीब 28 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन का सीआरएस निरीक्षण हुए एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आम यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। फिलहाल इस रूट से नंदा देवी एक्सप्रेस और कुछ स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं, लेकिन वे बीच के स्टेशनों पर नहीं रुकती हैं। नई लाइन पर बन्हेड़ा खास और झबरेड़ा स्टेशन बनाए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को अब भी नियमित ट्रेन सेवा का इंतजार है। स्थानीय निवासियों राजवीर सिंह, यशवीर सिंह, रोहित कुमार, भोला सिंह, राजकुमार, आदित्य गुप्ता, जमशेद मलिक और वेदांश कुमार ने कहा कि रेलवे विभाग इस महत्वपूर्ण परियोजना की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने मांग की कि इस रूट पर पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को कम दूरी और समय का लाभ मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को सहारनपुर-टपरी रूट के बजाय इस नई लाइन से संचालित किया जाए तो सहारनपुर सेक्शन पर दबाव भी कम होगा और नई लाइन का सही उपयोग हो सकेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

