दुर्ग 30 मई (आरएनएस) सड़क पर फटाके जैसी कानफोड़ू आवाज निकालती बुलेटें दौड़ा रहे नाबालिग चालकों पर सुपेला पुलिस ने शिकंजा कस दिया। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो ऐसी बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ा, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाए गए थे। इतना ही नहीं, दोनों वाहन बिना हेलमेट, बिना वैध दस्तावेज और बिना लाइसेंस के चलाए जा रहे थे। थाना सुपेला क्षेत्र में 29 मई 2026 को चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की नजर बुलेट क्रमांक CG 07 BJ 9566 और CG 07 CE 3731 पर पड़ी। दोनों मोटरसाइकिलें तेज धमाकेदार आवाज और फटाके जैसी ध्वनि निकालते हुए सड़क पर दौड़ रही थीं। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो चालक नहीं रुके और आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को रोका। जांच में सामने आया कि बुलेट में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाए गए थे। वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे और लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों की जांच में यह भी पता चला कि वाहन चला रहे दोनों युवक नाबालिग हैं। मामले में वाहन स्वामी जमशेद अहमद और शमशेर अहमद के विरुद्ध ईस्तगाशा क्रमांक 484 एवं 485/2025 के तहत धारा 4, 181(5), 180, 39, 190(1), 182ए, 190(2), 129 और 194 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह और आरक्षक अजीत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गौरतलब है कि सड़क पर स्टाइल और शोर के नाम पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है और अब ऐसी लापरवाही सीधे कानूनी कार्रवाई तक पहुंच रही है।

