दुर्ग 30 मई (आरएनएस)। आरके ग्राउंड के पास राहगीरों में दहशत फैलाने वाला एक युवक आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया है, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना सुपेला को 29 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरके ग्राउंड के पास एक युवक खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सुपेला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम देवराज सोनी उर्फ मोनू, उम्र 21 वर्ष, निवासी बॉम्बे आवास, सुपेला जिला दुर्ग बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ, जिसे स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जप्त किया गया। पुलिस जांच में आरोपी का कृत्य कानून व्यवस्था के लिए खतरा और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाया गया। इसके बाद थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 732/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूरी कार्रवाई निरीक्षक विजय कुमार यादव के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र तिवारी, प्रहलाद सिरमौर एवं आरक्षक दुर्गेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गौरतलब है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून हाथ में लेने वालों के लिए अब सीधे जेल का रास्ता तय हो रहा है।

